अम्बिकापुर। भीषण गर्मी से राहत पाने और मौज-मस्ती के नाम पर सरगुजा जिले के प्रसिद्ध लिब्रा वाटरफॉल पहुंचने वाले सैलानियों के लिए यह पर्यटन स्थल अब काल साबित हो रहा है। आज 16 मई 2026 को लिब्रा वाटरफॉल में नहाने के दौरान डूबने से एक और युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गर्मी के इस सीजन में अम्बिकापुर शहर से लगे इस पानी वाली जगह पर डूबने की यह तीसरी बड़ी घटना है, जिसने स्थानीय प्रशासन के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।
हैरान करने वाली बात यह है कि लिब्रा वाटरफॉल में सुरक्षा के नाम पर दूर-दूर तक कोई इंतजाम नहीं हैं और लगातार हो रही मौतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। हर बार जब कोई हादसा होता है, तो प्रशासन की अस्थायी रूप से आंख खुलती है, कागजी कार्रवाई होती है, और फिर स्थिति जस की तस हो जाती है। गर्मियों के दिनों में इस वाटरफॉल में रोजाना काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है, लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां मौज-मस्ती करने पहुंचते हैं, लेकिन पानी की गहराई और छिपे खतरों से अनजान होकर अपनी जान गंवा बैठते हैं।
लिब्रा वाटरफॉल में लापरवाही और मौतों का यह सिलसिला नया नहीं है, बल्कि प्रशासनिक अनदेखी का एक लंबा इतिहास रहा है। इसके पूर्व 15 जून 2023 को भी यहाँ एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जब नमनाकला निवासी 18 वर्षीया अंजलि बखला अपने परिवार के साथ घूमने आई थी और नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल तो पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उस दौरान वाटरफॉल में शराबखोरी, हुड़दंग और दो गुटों में मारपीट की शिकायतें भी आम थीं।
घटना के बाद तत्कालीन प्रशासन ने बांस के अस्थायी बैरिकेड्स लगाकर इस स्थल को बंद कर दिया था। तब तत्कालीन एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बयान जारी कर कहा था कि सुरक्षा की दृष्टि से लिब्रा वाटर फॉल को लोगों के लिए बंद कराया गया है, क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और भविष्य में अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ एक दिखावा साबित हुई, क्योंकि कुछ महीनों बाद बिना किसी पुख्ता और स्थायी सुरक्षा इंतजामों के इस प्रतिबंध को दोबारा हटा दिया गया।
प्रशासन की इसी ढर्रे पर चलने वाली कार्यप्रणाली का नतीजा था कि ठीक एक साल बाद, 29 मई 2024 को एक बार फिर इस वाटरफॉल ने एक और जान ले ली। अम्बिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र का निवासी अनू द्विवेदी अपने दोस्तों के साथ यहां नहाने आया था और धुनधूटा नदी डैम के इस गहरे हिस्से में डूबने से उसकी मौत हो गई। उस वक्त भी पुलिस की तैनाती के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत यह थी कि सुरक्षा के कोई ठोस उपाय नहीं किए गए, जिससे पुलिस और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हुए थे।
आज 2026 में एक बार फिर उसी स्थान पर एक और युवक की मौत ने यह साबित कर दिया है कि प्रशासन केवल हादसों के बाद जागता है और कुछ दिनों की ‘अस्थायी सख्ती’ दिखाकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ लेता है। यदि समय रहते जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के ठोस व स्थायी उपाय जैसे- गहरे पानी के क्षेत्रों में स्थायी लोहे की बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, लाइफगार्ड्स की तैनाती और हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई- नहीं की, तो ‘सरगुजा के गोवा’ के नाम से मशहूर इस मिनी वाटरफॉल में ऐसे ही मासूमों की जानें जाती रहेंगी और प्रशासन सिर्फ मर्ग कायम कर जांच का नाटक करता रहेगा।
