रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दूध, दही और पनीर की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार सुबह 7 बजे शहर की प्रमुख डेयरियों पर औचक निरीक्षण किया। ‘सही दवा, शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम पर शुरू हुए 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान के तहत प्रशासन की संयुक्त टीम ने जगदीश डेयरी, संतोष डेयरी और विकास डेयरी एंड स्वीट्स में छापा मारा।
एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो और तहसीलदार शिव कुमार डनसेना की मौजूदगी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने यहां से दूध, दही, पनीर और खोवा के सैंपल एकत्रित किए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आते ही दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशों पर यह विशेष अभियान सोमवार, 27 अप्रैल से शुरू होकर 11 मई तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य न केवल मिलावटखोरी और नकली दवाओं के कारोबार पर नकेल कसना है, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना भी है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल ने पूरी प्रक्रिया का संचालन किया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावट के खिलाफ यह मुहिम जारी रहेगी और भविष्य में भी शहर भर में लगातार निरीक्षण किए जाएंगे ताकि लोगों को स्वच्छ व पौष्टिक आहार मिल सके।
