कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में बीती रात चार हाथियों के एक दल ने जमकर उत्पात मचाया। केसमरदा गांव की बस्ती में घुसे इन हाथियों ने दो घरों को क्षतिग्रस्त करते हुए वहां रखा सारा राशन तहस-नहस कर दिया। इस अचानक हुए हमले के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि केसमरदा गांव का बैगा परिवार बीती रात अपने घरों में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान जंगल से भटककर चार हाथियों का दल बस्ती में आ धमका और घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हाथियों की चिंघाड़ और दीवारें गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घरों से बाहर निकलकर और सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
इस हमले में ग्रामीण बुधसिंह बैगा को सबसे अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बुधसिंह के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके लिए उन्होंने नौ बोरी चावल जमा कर रखा था। हाथियों ने घर में घुसकर इन बोरियों को फाड़ दिया और चावल को चट करने के साथ-साथ पूरे आंगन में बिखेर कर बर्बाद कर दिया।
कुकदुर क्षेत्र में हाथियों के इसी दल की मौजूदगी पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी है। महज एक सप्ताह पहले इन हाथियों ने ग्राम बनगौरा के दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई को कुचलकर मार डाला था। इलाके में लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण आसपास के गांवों के लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं और दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अपील में ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा गया है कि लोग जंगल की ओर न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि कहीं भी हाथियों की मौजूदगी दिखने पर उनके करीब जाने या उन्हें खदेड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें, बल्कि तत्काल इसकी सूचना विभाग को दें।
