– जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने विजय जांगिड़ से की शिकायत, प्रत्याशीयों पर गंभीर आरोप; हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बाहरी युवाओं के ठहरने और गांव-गांव OTP लेने का दावा...
जांजगीर-चांपा। युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव अब संगठनात्मक लोकतंत्र से ज्यादा आरोप-प्रत्यारोप और वोट मैनेजमेंट को लेकर सुर्खियों में हैं। चुनाव में वोट जुटाने के लिए पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से कथित तौर पर युवाओं को बुलाकर ‘पेड वर्कर’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने के आरोप ने जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। प्रदेश में दो युवा कांग्रेस प्रत्याशियों की शिकायत के बाद चुनाव होल्ड कर दिया गया हैं .अब इस तरह शिकायत के आधार पर अगर पुष्टि हो जाती है तो जांजगीर चांपा जिले में भी जिला अध्यक्ष के लिए लड़ रहे प्रत्याशी का चुनाव होल्ड किया जा सकता है.
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला द्वारा इस संबंध में विजय जांगिड़ से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि जिले में जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी के समर्थन में बाहर से आए युवाओं को लगाया गया है, जो गांव-गांव जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं।
सबसे गंभीर आरोप OTP और वीडियो को लेकर लगाए जा रहे हैं। शिकायत से जुड़े लोगों का दावा है कि कुछ बाहरी युवक ग्रामीणों के वीडियो बना रहे हैं और ऑनलाइन वोटिंग के नाम पर OTP ले रहे हैं। यदि ऐसा हो रहा है तो यह सिर्फ चुनावी विवाद नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा का गंभीर सवाल भी बन सकता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में डेरा, पुलिस सत्यापन पर सवाल…
आरोप यह भी है कि बाहरी युवक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ठहरे हुए हैं और उनके पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चुनाव के दौरान बाहर से आए लोगों के ठहरने और उनकी गतिविधियों की पुलिस स्तर पर जांच की मांग भी उठने लगी है। वहीं चुनावी माहौल में पैसे देकर वोट खरीदने और लाखों रुपये खर्च करने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शाम होते ही कथित तौर पर दारू-मुर्गा पार्टी और वोट मैनेजमेंट की चर्चाएं युवा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का कारण बन रही हैं।
वोटिंग से ज्यादा ‘मैनेजमेंट’ की चर्चा!
ऑनलाइन एप के जरिए होने वाले युवा कांग्रेस चुनाव में प्रत्येक पात्र मतदाता को वोट देने का अधिकार है, लेकिन यदि वोट जुटाने के लिए पैसे, बाहरी कार्यकर्ताओं और प्रलोभन का सहारा लेने के आरोप सही हैं तो यह संगठनात्मक चुनाव की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
अब सवाल यह है कि बाहर से आए कथित पेड वर्करों को किसका संरक्षण हासिल है? क्या संबंधित प्रत्याशी को इसकी जानकारी है? क्या इन युवाओं का पुलिस सत्यापन हुआ है? और क्या ऑनलाइन वोटिंग के नाम पर OTP लेने की शिकायतों की साइबर स्तर पर जांच होगी?
दूसरे विधानसभा में वोट कराने को लेकर विवाद…
यूथ कांग्रेस चुनाव में एक विधानसभा के मतदाताओं से दूसरी विधानसभा में वोट कराए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर वोटिंग कराई गई, जिससे निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। अब शिकायत के बाद मामले की जांच और वोटों की वैधता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यूथ कांग्रेस चुनाव में BJP पदाधिकारी पर वोट कराने का आरोप, वीडियो वायरल...
जांजगीर-चांपा में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। चांपा नगर पालिका उपाध्यक्ष पर एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट कराने का आरोप लगा है। कथित तौर पर वोटिंग में भूमिका निभाते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है और चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
युवा कांग्रेस के भीतर बढ़ता यह विवाद अब महज चुनावी मुकाबला नहीं रह गया है। यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संगठन चुनाव के नाम पर चल रहा कथित ‘वोट मैनेजमेंट’ युवा कांग्रेस में लंबे समय तक गुटबाजी की वजह बन सकता है।
