कोरबा। भारी बारिश के चलते उफान पर आए मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय से पानी की निकासी तेज कर दी गई है। लगातार बढ़ रही आवक को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने सोमवार सुबह 10 बजे से 8,828 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने का फैसला किया है, जिसके बाद बांध से कुल डिस्चार्ज बढ़कर 49,828 क्यूसेक प्रति सेकंड पहुंच गया है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने हसदेव नदी के तटीय एवं निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
कैचमेंट एरिया में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से बांध का जलस्तर 358.70 मीटर तक पहुंच चुका है, जो इसकी कुल भराव क्षमता का लगभग 94.24 प्रतिशत है। बीते 10 घंटों के भीतर ही जलाशय के जलस्तर में 7 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्तमान में बांध के 9 स्पिलवे गेटों से पहले से ही 41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जो 16 अगस्त की सुबह से अनवरत जारी है।
कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर जल निकासी बढ़ाना अनिवार्य हो गया था। उन्होंने नदी किनारे बसे ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि वे मवेशियों या अन्य कार्यों के लिए नदी-नालों के करीब न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का तत्परता से पालन करें।
