छत्तीसगढ़ : आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत… खेत में काम करने गए थे दोनों

कोरबा। रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ग्रामीण खेत में काम करने के लिए गए थे। इसी दौरान तेज आंधी शुरू हो गई। बचने के लिए दोनों पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामला श्यांग थाना क्षेत्र का है ।

जानकारी के मुताबिक, जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चिर्रा में रविवार सुबह स्थानीय दो युवक कन्हैया राठिया (30) और टीका राम अगरिया (31) काम करने के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 10.30 बजे अचानक मौसम बदलने लगा और हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए दोनों पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।

तेज आंधी के साथ बिजली चमकना शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। इसके चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थोड़ी देर बाद जब मौसम शांत हुआ तो अन्य ग्रामीणों को घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस कार्रवाई कर रही है।

प्रदेश में गर्मी के बावजूद कई दिनों से मौसम में परिवर्तन बना हुआ है। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आंधी, बारिश जारी है। इसके कारण तापमान में भी अंतर देखा जा रहा है। मौसम विज्ञानियों ने अगले एक-दो दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहने के संकेत दिए हैं। वहीं रविवार को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ वर्षा की चेतावनी दी है।