अम्बिकापुर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहाँ लोग छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो देते हैं, वहीं अम्बिकापुर के एक युवक ने ईमानदारी की एक अद्भुत मिसाल पेश की है। शहर के रहने वाले 22 वर्षीय मनोज कुमार सिंह ने सड़क पर गिरे 13,000 रुपये को न केवल सुरक्षित उठाया, बल्कि उसे अपने पास रखने के बजाय गांधीनगर थाना पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना 28 अप्रैल 2026 की है। मुक्तिपारा (गांधीनगर) निवासी मनोज कुमार सिंह जब सब्जी मंडी के पास बस से उतरकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क पर बिखरे रुपयों पर पड़ी। मनोज के अनुसार, उसी समय वहां से एक स्कूटी सवार युवक पीला शर्ट पहनकर हनुमान मंदिर की ओर निकला था, जिनके जेब से ये रुपये संभवतः गिर गए थे। आसपास कोई न होने के बावजूद, मनोज ने उन रुपयों को उठाकर सुरक्षित थाना गांधीनगर में जमा करवा दिया।
युवक की इस ईमानदारी से प्रभावित होकर गांधीनगर थाना प्रभारी ने उसकी जमकर सराहना की है। पुलिस ने फिलहाल इस राशि को सुरक्षित अपने पास रख लिया है और स्कूटी सवार उस व्यक्ति से अपील की है कि वे आवश्यक प्रमाण के साथ थाना गांधीनगर आकर अपनी नगद राशि प्राप्त कर सकते हैं। मनोज के इस नेक कार्य की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
