सरकार तथा पार्टी की नीति और कार्यक्रम जनता तक पहुंचाएं : डॉ.रमन

रायपुर
आगामी नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में प्रदेश पदाधिकारियों की प्रांतीय बैठक में प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि परिस्थितियों को अनुकूल बना कर स्थानीय निकाय की अधिक से अधिक सीटें जीते। उन्होंने कहा कि संगठन के सिर्फ शीर्ष स्तर के मजबूत होने से पार्टी मजबूत नहीं होती, पार्टी को पोलिंग बूथ एवं स्थानीय ईकाई के स्तर पर मजबूत करना जरूरी है।
श्री कौशिक ने कहा कि यदि पार्टी के संगठन के निचली ईकाई मजबूत रहती है तो कोई कारण नहीं है कि हम बड़ी संख्या में पार्षदों की फौज खड़ी करने में कामयाब न हो। विगत दस वर्षों में रमन सरकार ने स्थानीय निकाय को काफी मजबूत किया है। ज्यादातर निकायों की बुनियादी समस्याएं दूर हो गई है। शेष कामों को ठीक करने सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। अंतागढ़ के उपचुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक सफलता ने सिद्ध कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा और रमन सरकार पर है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने स्थानीय निकाय के चुनाव के प्रत्याशी चयन की ठोस प्रक्रिया अपनाई है, पार्टी सभी भेद-भाव से ऊपर उठ कर केवल जीतने योग्य प्रत्याशी को ही अपना उम्मीदवार बनाएगी। पार्टी ऐसे किसी व्यक्ति को प्रत्याशी नहीं बनाएगी, जिस पर उंगली उठाई जा सके। प्रत्याशी का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया से किया जाएगा। प्रत्याशी चयन के बाद सभी कार्यकर्ताओं को उन्हें जिताने के लिए जी-जान के साथ काम करना चाहिए।इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र सरकार के स्वच्छता अभियान और कश्मीर की प्राकृतिक अपदा पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय के चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। पिछले चुनाव में हम अपनी ही गलतियों से प्रमुख स्थानों पर महापौर और अध्यक्ष बनाने से चूक गये थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय निकाय चुनाव में पार्षद प्रत्याशी का चयन काफी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अगाह किया कि यदि जनभावना के अनुरूप प्रत्याशियों का चयन नहीं किया जाता या प्रत्याशियों को थोपा जाता है तो निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव जीतने का अवसर प्राप्त होता है। चुनाव समिति ने सही पार्षद प्रत्याशी का चयन कर लिया तो, आधी जीत सुनिश्चित हो जाती है।
unnamed (52)
डॉ. रमन सिंह ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस भ्रम से दूर रहने का अगाह किया किया कि बोगस राशन कार्ड के निरस्त होने के कारण चुनावी परिणाम विपरीत जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारेे द्वारा 65 लाख पात्र लोगों को अनवरत रूप से चांवल दिया जा रहा है, यदि इनमें से एक लाख बोगस राशन कार्ड के निरस्त करने से विपक्ष द्वारा यह राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास किया जाता है कि इस कारण भाजपा के जीत की संभावनाएं धूमिल हो जाएगी, तो यह एक हास्यास्पद बात है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय की बुनियादी समस्याओं को दूर करने, सरकार ने प्रमुख 16 योजनाएं चलाई है। जिसके कारण स्थानीय निकाय न सिर्फ मजबूत हुए हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भी हुए है। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए ताकि वे जनता के बीच पूरे आत्मविश्वास के साथ जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार कर सके। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में सरकारी कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा आम जनता ने मुक्त हस्त से सहयोग किया जो कि प्रशंसनीय है। आगामी 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत योजना को पूरे राष्ट्र में क्रियान्वित करने के आव्हान को सफल बनाने के लिए, नगर से लेकर गांव-गांव तक जुट जाने की अपील की।
राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि स्थानीय निकाय के चुनाव राजनीति में काफी महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इस चुनाव में निर्वाचित प्रत्याशी के माध्यम से पार्टी और सरकार की नीतियां और व्यवस्थाएं आम नागरिकों तक पहुंचती है। इसलिए स्थानीय निकाय चुनाव के प्रत्याशी चयन में काफी सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों से कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के लिए जो भी चयन समिति बननी है उसमें सभी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। प्रत्याशी चयन में पदाधिकारियों द्वारा गड़बड़ी की जाती हैं तो उनके राजनीति भविष्य पर प्रभाव दिखेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि प्रत्याशी चयन में परिवारवाद नहीं चलेगा। किसी भी सांसद, विधायक या जनप्रतिनिधि के रिश्तेदारों को टिकट देने से पार्टी पूरी तरह बचेगी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन रामप्रताप सिंह ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों एवं आजीवन सहयोग निधि के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि इस बार प्रदेश ने निर्धारित आजीवन निधि एकत्र करने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, इसके लिए कार्यकर्ता बधाई के पात्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया है कि जम्मू-कश्मीर में आई प्राकृतिक आपदा में पीड़ित लोगों की सहायता के लिए बड़ी संख्या में राशि एकत्र कर भेंजे।
unnamed (53)प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि पार्टी चार स्तरीय चयन समिति का गठन करेगी। मण्डल चयन समिति में मण्डल अध्यक्ष, मण्डल महामंत्री, कोषाध्यक्ष सहित स्थानीय विधायक शामिल रहेंगे। इनके अतिरिक्त  जिले से तीन सदस्य पार्टी चयनीत करेगी। मण्डल चयन समिति नगर पंचायत के पार्षद व नगर पालिका के पार्षद प्रत्याशी का चयन करेंगे एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के नामों के अनुशंसा जिला चयन समिति को करेगी। जिला चयन समिति में जिलाध्यक्ष, जिले के महामंत्री, कोषाध्यक्ष, जिले के विधायक, सांसद सदस्य रहेंगे, इनके अतिरिक्त दो नाम प्रदेश संगठन घोषित करेगा। जिला चयन समिति नगर पंचायत के अध्यक्ष, नगरपालिका के पार्षद का चयन करेगी व नगर निगम के पार्षद एवं पालिका अध्यक्ष प्रत्याशियों के नामों की अनुशंसा करेगी।
सम्भागीय चयन समिति की घोषणा प्रदेश संगठन द्वारा की जाएगी, इसमें पांचसे सात सदस्य होंगे, यह समिति नगर निगम के पार्षद प्रत्याशी एवं नगर पालिका के अध्यक्षों का चयन करेगी तथा मेयर प्रत्याशी के नाम की अनुशंसा प्रदेश चुनाव समिति को करेगी। प्रदेश चुनाव समिति मेयर प्रत्याशी का चयन करेगी। इसके अतिरिक्त पार्टी ने अपील समितियों का गठन किया गया है। मण्डल की चयन समिति के निर्णयों की अपील की सुनवाई जिला अपील समिति करेगी, जिला अपील समिति के निर्णयों की अपील की सुनवाई संभागीय अपील समिति, संभागीय चुनाव समिति के निर्णयों अपील प्रदेश अपील समिति करेगी। राष्ट्रीय सचिव रामविचार नेताम ने केन्द्रीय संगठन की आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिये जा रहे जनहितकारी कार्य जैसे प्रधानमंत्री जन-धन योजना तथा आगामी 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने की अपील की।
बैठक को स्थानीय निकाय चुनाव समिति के प्रभारी व स्थानीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने संबोधित किया। उन्होंने विगत 10 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों की जानकारी पदाधिकारियों को दी एवं विश्वास व्यक्त किया कि राज्य शासन द्वारा किये गये इन जनकल्याणकारी कार्यों की बदौलत हम निश्चित रूप से नगरीय निकाय चुनाव में सफलता का परचम लहराएंगे। पंचायतों में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदेश के पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर ने दी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र  सवन्नी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में छग के कार्यकर्ताओं की सहभागिता के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बताया कि विदर्भ की 16 विधानसभा सीटों में छग के नेता तथा कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। स्थानीय निकाय चुनाव में सोशल मीडिया के महत्व पर आईटी सेल के प्रदेश संयोजक दीपक म्हस्के ने संक्षिप्त जानकारी दी। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री सुभाऊ कश्यप ने किया।