वन अधिकार में मिले पट्टे की जमीन में लग रहे अवैध ईंट भट्ठे.. छापेमारी से हडकंप..!

@purandevangan
राजपुर  क्षेत्र में ईंट भट्ठे का अवैध कारोबार चरम सीमा पर है,संचालक ईंट भट्ठे के लिये वन सम्पदा सहित कोयले का भी भारी मात्रा में अवैध दोहन कर रहे हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में इस तरह के अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों पर आज अचानक कार्यवाई की जिससे ईंट भट्ठा संचालको में हड़कंप मच गया।
क्षेत्र में इन दिनों अवैध रूप से ईँट भट्ठे का संचालन पूरे जोरों पर फलफूल रहा है। संचालक ईंट भट्ठों के लिए अवैध रूप से लकड़ी सहित कोयले का इस्तेमाल कर रहे हैं। क्षेत्र में चल रहे अवैध ईंट भट्ठों पर लगाम कसने अब प्रशासनिक अधिकारी मैदानी इलाकों में नजर आ रहे हैं।जिला प्रशासन व राजस्व अमले ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तीन ईंट भट्ठों पर कर्यवाई करते हुए एक लाख 29 हजार ईँट जप्त कर उन्हें नोटिस जारी किया है।प्रशासन की अचानक इस कार्यवाई से ईँट भट्ठों के संचालको में हड़कंप मच गया है।कार्यवाई में तहसीलदार राजपुर ज्योति बबली बैरागी,जिला खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह,माइनिंग इंस्पेक्टर शशांक सोनी,आर.के.मेरी,पटवारी मनोज गुप्ता,पूनम साय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
यहाँ की गई कार्यवाई
तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठरकी के सरनापारा में अमरसाय आ. मेवा कोरवा के भूमि पर साठ हजार ईँट,बच्चा लाल आ. कामदेव कोरवा के भूमि पर बीस हजार ईँट एवं बसबोहा पारा में रोन्हा आ. रतिया कोरवा के भूमि पर 49 हजार अवैध रूप से ईँट भट्ठे लगाये जा रहे थे जिसे प्रशासन ने जप्ती की कार्यवाई करते हुए उन्हें नोटिस भेजा है। सभी लोगो के द्वारा वन अधिकार में मिले पट्टा के भूमि पर ईँट भट्ठों का संचालन किया जा रहा था। इन अवैध रूप से संचालित ईँट भट्ठों पर अधिकारियों की आने की भनक लगते ही संचालक मौके पर से सभी सामान सहित भाग निकले।
भूमि किसी और का भट्ठा किसी और का
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने जांच में पाया की भूमि पर किसी दूसरे लोगों द्वारा ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है।जिसमे अमरसाय के भूमि पर ठरकी निवासी ललित राम,बच्चा लाल के भूमि पर ओमप्रकाश यादव व रोन्हा के भूमि पर मनोज गुप्ता द्वारा ईँट भट्ठा लगाया जा रहा है।प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में भूमि स्वामियों के अलावे ईँट भट्ठा लगाने वालों को भी नोटिस जारी किया है।
जारी रहेगी आगे भी कार्यवाई : तहसीलदार
इस संबंध में तहसीलदार राजपुर ज्योति बबली बैरागी ने बताया कि आगे यह कार्यवाई लगातार जारी रहेगी।अवैध रूप से संचालित ईँट भट्ठों पर अंकुश लगाया जाएगा।जिनके भी ईँट भट्ठे अवैध पाये जाएंगे उनके खिलाफ खनिज एक्ट के तहत कार्यवाई की जाएगी।