लगभग 3.5 लाख किसानों को 924 करोड़ रूपए का ब्याज मुक्त ऋण वितरित..

रायपुर

मानसून के आगमन की संभावना को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने आगामी खरीफ फसलों की खेती के लिए किसानों को ब्याज मुक्त ऋण वितरण शुरू कर दिया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों से विगत दो माह में प्रदेश के लगभग तीन लाख 49 हजार किसानों को 924 करोड़ रूपए का कृषि ऋण दिया जा चुका है।

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज ने आज यहां बताया कि किसानों को खरीफ मौसम 2016 के लिए अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण का कार्यक्रम 1 अप्रैल 2016 से शुरू हो गया है। श्री बजाज ने बताया कि चालू खरीफ मौसम के लिए लगभग 28 सौ करोड़ रूपए का ऋण किसानों को वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

श्री बजाज ने बताया कि वर्तमान में रायपुर जिले के किसानों को 63 करोड़, गरियाबंद जिले के किसानों को 15 करोड़, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के किसानों को 84 करोड़, महासमुंद जिले के किसानों को 55 करोड़, धमतरी जिले के किसानों को 33 करोड़, दुर्ग जिले के किसानों को 57 करोड़, बालोद जिले के किसानों को 65 करोड़, बेमेतरा जिले के किसानों को 53 करोड़, राजनांदगांव जिले के किसानों को 108 करोड़, कबीरधाम जिले के किसानों को 133 करोड़, बिलासपुर जिले के किसानों को 33 करोड़, मुंगेली जिले के किसानों को 34 करोड़, जांजगीर-चांपा जिले के किसानों को 76 करोड़, कोरबा जिले के किसानों को नौ करोड़ रूपए के अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किए जा चुके हैं।

श्री बजाज ने बताया कि जगदलपुर जिले के किसानों को नौ करोड़, कोण्डागांव जिले के किसानों को ढाई करोड़, नारायणपुर जिले के किसानों को एक करोड़, कांकेर जिले के किसानों को 12 करोड़, दंतेवाड़ा जिले के किसानों को 27 लाख, बीजापुर जिले के किसानों को 55 लाख, सुकमा जिले के किसानों को 83 लाख, सरगुजा जिले के किसानों को 11 करोड़, बलरामपुर जिले के किसानों को चार करोड़, सूरजपुर जिले के किसानों को छह करोड़, कोरिया जिले के किसानों को ढाई करोड़, रायगढ़ जिले के किसानों को 12 करोड़ तथा जशपुर जिले के किसानों को दो करोड़ रूपए के ऋण वितरित किए जा चुके हैं।