मुख्यमंत्री ने दी मकर संक्रांति, लोहड़ी और पोंगल की बधाई

रायपुर

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जनता को मकर संक्रांति, लोहड़ी और पोंगल त्यौहारों की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि हमारी इंद्रधनुषी भारतीय संस्कृति में तीज-त्यौहारों की एक लम्बी और विविधतापूर्ण परम्परा हजारों वर्षों से चली आ रही है। मकर संक्रांति भी हमारी इस समृद्ध सांस्कृतिक परम्परा का एक प्रमुख पर्व है, जो सूर्य देवता के दक्षिणायन से उत्तरायण की बढ़ने के साथ-साथ ऋतु परिवर्तन का भी संदेश लेकर आता है।

सामाजिक समरसता पर आधारित इस पर्व में तिल और गुड़ की मिठास मानवीय संबंधों को भावनात्मक रूप से और भी अधिक मधुर बनाने की प्रेरणा देती है। मकर संक्रांति एक ऐसा पर्व है, जो हमारे देश के विभिन्न राज्यों में विभिन्न स्वरूपों में मनाया जाता है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने लोगों को लोहड़ी और पोंगल की भी बधाई दी है। डॉ. सिंह ने सभी लोगों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की है।