निगम कर्मियों पर लगा छेड़छाड़ का आरोप..अपराध दर्ज कराने महिलाएं पहुंची थाने..!

मामले की खबर मिलते ही महापौर पहुंचे कोतवाली

अम्बिकापुर

शनिवार को गुदरी बाजार में सड़क किनारे सब्जी बेचने वाली महिलाएं जो दो निगम कर्मियों पर छेड़छाड़ का व सड़क पर सब्जी फेंकने का आरोप लगाते हुये कोतवाली थाना  पहुंच गई। महिलाओं का आरोप है कि निगम कर्मी आये दिन उनके साथ छेड़छाड़ व अवैध वसूली करते हैं। थाना प्रभारी श्री चंद्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुये महापौर डॉ. अजय तिर्की को थाना बुलाने का आग्रह किया। आग्रह पर महापौर थाना पहुंच महिलाओं की समस्याओं को सुनें व उन्हें शेड में सब्जी बेचने की बात कही। छेडख़ानी के मामले में प्रशिक्षु डीएसपी श्री चंद्रा ने जांच उपरांत निगम कर्मियों पर अपराध दर्ज करने की बात कही है।

महिलाओं का आरोप है कि प्रात: 9 बजे के करीब गुदरी बाजार के अंदर अम्बिकापुर नगर निगम के दो निगम कर्मी पहुंचे और सड़क पर सब्जी को फेकने लगे। इस दौरान कर्मियों ने दो-तीन महिलाओं के हाथ-बांह पकड़ छेड़छाड़ भी किया, जिससे महिलाएं आक्रोशित हो गई और जोगी कांग्रेस के नेता दानिश रफीक के नेतृत्व में कोतवाली पहुंच गई। थाना प्रभारी के आग्रह पर कोतवाली पहुंचे महापौर ने कहा कि सड़क किनारे सब्जी न बेंचे, वे शेड में ही सब्जी बेचें। महिलाओं का कहना था कि उनकी सब्जी ज्यादा भीड़-भाड़ होने के कारण शेड में नहीं बिकती है। महापौर ने महिलाओं से कहा कि आपलोग शेड में मिले स्थान को दूसरे को देकर सड़क किनारे सब्जी बेचते हैं जिस पर महिलाओं ने कहा कि शेड के नीचे जबरन एक ही परिवार के चार-पांच लोग कब्जा कर लिये हैं। महिलाओ की बात सुनते ही महापौर ने थाने से ही निगम के अधिकारियों को सूची बनाकर जगह निर्धारण करने का आदेश दिया है। थाना प्रभारी ने महिलाओं को कहा कि अगर भविष्य में कोई भी छेड़छाड़ व बदसलूकी करता है तो वे सीधे थाने आकर शिकायत करें। बहरहाल महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा दोनों निगम कर्मियों को भी कोतवाली में तलब किया गया था एवं पूछताछ की जा रही थी।