धान ख़रीदी को लेकर फ़िर शुरू हुआ हंगामा…बारदानों की कमी से ख़रीदी केंद्र में धान खरीदी हुआ बंद…हज़ारों किसानों का नहीं बिका है धान.. आक्रोशित किसानों ने सड़क किया जाम!

कांकेर। प्रदेश में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर हंगामा मच गया है। धान खरीदी के लिए सिर्फ दो दिन का ही समय बच गया है, लेकिन जिले के धान खरीदी केंद्रों में बारदानो का संकट छा गया है। बारदाना की कमी से खरीदी केंद्र में धान खरीदी बन्द हो गया है। किसान धान खरीदी के वैकल्पिक व्यवस्था के लिए के लिए शासन के निर्देश का इंतजार कर रहे है। जिले में 74180 किसानों में से लगभग 9000 किसानों की धान खरीदी अब भी बाकी है।

जिसको लेकर परेशान किसानो ने खरीदी केंद्र में प्रदर्शन के साथ बारदेवरी गांव के सड़क पर चक्का जाम कर दिया। धान नही बेच पाने की वजह से आक्रोशित किसानों ने चक्का जाम किया है। चक्काजाम की सुचना मिलने के बाद मौके पर प्रशासन सहित पुलिस टीम पहुंची। जिन्होंने किसानों को समझाने की कोशिश की लेकिन किसान नहीं माने, फिर नायब तहसीलदर सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानो से चक्का जाम खत्म करने की मांग की. अधिकारियों द्वारा उचित आश्वासन मिलने पर किसानो ने चक्काजाम समाप्त किया।