जादू-टोने की शंका पर अधेड़ की हत्या

राजपुर थाना क्षेत्र का मामला आरोपी गिरफ्तार

अम्बिकापुर

राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लडुआ खुदीपारा में शुक्रवार की दोपहर एक अधेड़ की हत्या गांव के ही एक व्यक्ति ने कर दी। बताया गया कि आरोपी को अधेड़ द्वारा जादू.टोना करने की शंका थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस को पुरी बात बताई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लडुआ निवासी केलया कुजूर पिता स्व. कंदरू कुजूर उम्र 55 वर्ष शुक्रवार की दोपहर 2 बजे भैंसा चराने के लिये घर से कुछ दूरी पर गया था। उसका पुत्र बृजेश राजपुर में किराना सामान खरीदने के लिये गया हुआ था। शाम को जब बृजेश घर वापस आया तो गांव की एक छह वर्षीय बच्ची ने उसे बताया कि खेत की ओर देवसाय ने किसी आदमी को डंडे से मारा है। घायल अवस्था में एक आदमी खून से लथपथ पड़ा हुआ है। यह सुनकर बृजेश घटनास्थल पर देखने पहुंचा तो घायल व्यक्ति उसी का पिता था। उसी दौरान पुलिस भी आरोपी देवसाय के साथ मौके पर पहुंच गई थी। घायल को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गयाए जहां रात को ही उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने बताया कि देवसाय को उसके पिता के ऊपर काफी दिन पहले से ही जादू.टोना किये जाने की शंका थी। पुलिस ने मामले में जांच प्रारंभ कर दी है।