जशपुर। जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत साईटाँगरटोली में बीती रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। झारखंड सीमा से महज आधा किलोमीटर पहले स्थित एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने न केवल खिड़कियों में तोड़फोड़ की, बल्कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो से तीन राउंड हवाई फायर भी किए।
घटना की मुख्य वजह गौवंश तस्करी का विरोध और पुलिस का सहयोग करना बताया जा रहा है। पीड़ित ग्रामीण ने हाल ही में गौ-तस्करी में लिप्त एक गाड़ी को पकड़वाने में पुलिस की मदद की थी, जिससे नाराज तस्करों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ घर के सामने से जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के साथ-साथ गहन जांच में जुट गई है।
