ओम माथुर छत्तीसगढ़ के नए भाजपा प्रभारी, रायपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ बैठक कर रहीं थीं पुरंदेश्वरी; आया पद छोड़ने का फरमान



Raipur News: छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को पद से हटा दिया गया है। अब राजस्थान के ओम माथुर को छत्तीसगढ़ का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बना दिया गया है। ये आदेश जेपी नड्डा के निर्देश पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी किया है। दिल्ली से जब शुक्रवार की शाम ये फरमान आया, पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ही साथ रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक कर रहीं थीं। इस बड़ी सर्जरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। सह प्रभारी नितिन नबीन को बरकरार रखा गया है।

9 अगस्त को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ था। विष्णुदेव साय की जगह अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। ये बदलाव चुनाव के लिहाज से अहम माना गया। इसके बाद 17 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष को बदलने का फरमान जारी हुआ। धरमलाल कौशिक की जगह नारायण चंदेल को जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद करीब एक महीने में प्रदेश प्रभारी बदल दिया गया। 2023 के विधानसभा और इसके बाद लोकसभा के चुनावों में माथुर की भूमिका अहम रहेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल किया है। राजस्थान में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी ओम माथुर पर अहम जिम्मा है। ओम माथुर को राजनीति का लंबा तजुर्बा है। एक बार प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। माथुर लंबे समय तक केंद्रीय टीम में उपाध्यक्ष और महामंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे राजस्थान से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। हाल ही में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ है।

ओम प्रकाश माथुर संघनिष्ठ नेता रहे हैं। शुरुआत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी रहे। पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के काफी नजदीकी नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय मंत्री, महामंत्री और उपाध्यक्ष का पद भी मिला, साथ ही गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे प्रदेशों में प्रभारी भी बनाया गया था।