रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए किसानों, युवाओं और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने धान खरीदी की सुस्त रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य में 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन शुरुआती 11 दिनों में महज 5 प्रतिशत खरीदी ही हो सकी है। छुट्टियों को छोड़कर खरीदी के लिए कुल 47 दिन तय हैं, ऐसे में सरकार के लिए बाकी बचे 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करना बड़ी चुनौती और लगभग असंभव प्रतीत हो रहा है।
किसानों की जमीनी परेशानियों का जिक्र करते हुए बैज ने आरोप लगाया कि एग्रीस्टैक पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ियों के कारण हजारों किसानों का पंजीकृत रकबा शून्य दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर किसानों की धान की फसल को पोर्टल में किसी अन्य फसल के रूप में दर्ज कर दिया गया है। खसरा और फसल संबंधी इन विसंगतियों के साथ-साथ भौतिक सत्यापन की जटिल प्रक्रिया ने अन्नदाताओं को भारी परेशानी में डाल रखा है।
किसानों के बाद युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पीसीसी चीफ ने बताया कि 8 सितंबर 2026 से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) के अध्यक्ष का पद खाली पड़ा है। लगभग 80 दिनों से अध्यक्ष न होने के कारण आयोग का पूरा कामकाज ठप और प्रभावित हो रहा है। लगातार परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित किए जा रहे हैं, यहां तक कि वर्ष 2025 के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी अनिश्चितकाल के लिए रोक दिए गए हैं, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
इसके अलावा, संसद के 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित विशेष सत्र और परिसीमन के मुद्दे पर भी दीपक बैज ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्तमान सीटों पर महिला आरक्षण लागू करने के पूरी तरह पक्ष में है, लेकिन जनगणना के ताजा आंकड़ों और जातिगत जनगणना को आधार बनाए बिना किसी भी तरह का परिसीमन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को विश्वास में लिए बिना संविधान संशोधन करने की कोशिश हो रही है। बैज ने जोर देकर कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में वंचित वर्गों के अधिकारों और उनकी उचित हिस्सेदारी का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
