– अव्यवस्थित पार्किंग से आम जनता परेशान, यातायात पुलिस ने होटल और मैरिज हॉल संचालकों की ली बैठक, व्यवस्था सुधारने की दी हिदायत
जांजगीर-चांपा। शहर में शादी-विवाह और अन्य समारोहों के दौरान होटल एवं मैरिज हॉल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों के वाहन सड़कों और मुख्य मार्गों पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि राहगीरों को निकलने तक में परेशानी होती है। अब इस समस्या को लेकर यातायात पुलिस को होटल संचालकों की बैठक लेकर पार्किंग व्यवस्था सुधारने की समझाइश देनी पड़ी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 26 नवंबर को यातायात शाखा में जांजगीर मुख्यालय एवं अकलतरा क्षेत्र के प्रमुख होटल और मैरिज हॉल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने संचालकों को निर्देश दिए कि शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के दौरान पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जरूरत पड़ने पर अलग से कर्मचारियों की तैनाती भी करें, ताकि मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति निर्मित न हो।
बैठक में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के आवागमन को लेकर भी चिंता जताई गई। होटल संचालकों से दो-दो वालंटियर के नाम और मोबाइल नंबर मांगे गए, ताकि यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस को सहयोग मिल सके।
सवाल यह है कि आयोजनों के दौरान सड़क पर पार्किंग की नौबत आने के बाद ही व्यवस्था सुधारने की याद क्यों आती है? क्या होटल और मैरिज हॉल संचालकों द्वारा पहले से पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जा रही है? पुलिस की समझाइश के बाद अब देखना होगा कि संचालक वास्तव में व्यवस्था सुधारते हैं या फिर आम जनता को जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से जूझना पड़ता रहेगा।
