अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर थानाक्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक-43 (रायगढ़ रोड) पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नकना निवासी 17 वर्षीय आकाश पावले (पिता रामविलास) और ग्राम बिरिमकेला निवासी 45 वर्षीय कलिंदर मरावी (पिता शंकर मरावी) बाइक पर सवार होकर रायगढ़ रोड से गुजर रहे थे। इसी बीच रायगढ़ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक (क्रमांक UP 21 GT 0525) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गहरी चोट लगने के कारण दोनों की हालत गंभीर हो गई।
सड़क हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाकारित ट्रक व क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया। हालांकि, इस मामले में घायल पक्ष की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते पुलिस ने फिलहाल आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू नहीं की है।
