अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक बार फिर हाथियों के बड़े दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वर्तमान में ‘कबरा’ हाथी सहित कुल 18 हाथियों (17+1) का दल कुसुवामुड़ा और बिच्छलघाटी के जंगलों में डेरा डाले हुए है। हाथियों के इस विशाल दल के एक साथ विचरण करने और आबादी के करीब आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के दर्जन भर से अधिक गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात सुखरी भंडार गौठान के पास 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान गन्ने की बाड़ी से निकलकर कबरा हाथी समेत दो हाथी मुख्य दल से अलग हो गए और सीधे बस्ती की ओर बढ़ने लगे। हाथियों के रिहायशी इलाके के बेहद करीब पहुंचने की खबर मिलते ही वन विभाग के अमले के हाथ-पांव फूल गए। किसी भी अनहोनी को टालने के लिए वन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात को टीम को दोनों हाथियों को आबादी क्षेत्र से सुरक्षित दूर खदेड़ने में सफलता मिली, जिसके बाद ग्रामीणों और विभाग ने राहत की सांस ली।
फिलहाल सभी 18 हाथी एक साथ मिलकर कुसुवामुड़ा और बिच्छलघाटी क्षेत्र में मौजूद हैं। हाथियों के आगे बढ़ने की संभावित दिशा का आकलन करते हुए वन विभाग ने सत्तीमुड़ा, सायर, पण्डो कॉलोनी, सानी बर्रा, सुखरी भंडार, बिच्छलघाटी, लक्ष्मणगढ़ और इनसे सटे ग्रामीण इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सजग रहें और किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब जाने का जोखिम न उठाएं। ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे हाथियों के पीछे न जाएं, न ही नजदीक से फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश करें। साथ ही, हाथियों को घेरने या खुद से भगाने का प्रयास न करने और रात के समय खेतों व जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। हाथियों की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करने को कहा गया है।
