अम्बिकापुर/पारसनाथ सिंह। शहर की कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर अब ऐसे सवाल खड़े हो रहे हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। हालात की गंभीरता देखिए कि 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे व्यापारियों को समझाने के लिए प्रदेश के मंत्री राजेश अग्रवाल को खुद मैदान में उतरना पड़ा। इतना ही नहीं, व्यापारियों की नाराजगी के बीच मंत्री को कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाकर यह तक कहना पड़ा कि व्यापारी उन्हें बंधक बनाकर बैठ गए हैं, उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। सवाल यह है कि जिस पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी अपराधियों को पकड़ने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की है, उसी व्यवस्था की निष्क्रियता को लेकर जब व्यापारियों को मंत्री के सामने अपनी परेशानी रखनी पड़े, तो जवाबदेही आखिर किसकी बनती है?
सोमवार को अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों का आरोप था कि अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की हेराफेरी के मामले में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। व्यापारियों ने थाना प्रभारी को खर्चा-पानी के नाम पर पैसे देने तक का गंभीर आरोप लगाया। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन यह शिकायत अपने आप में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर व्यापारियों को ऐसा क्यों महसूस हो रहा है कि उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही?
व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि अपराधियों को पकड़ नहीं पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बना लिया है और बांधकर बैठा दिया है। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। मंत्री ने भी दो-तीन दिनों के भीतर कार्रवाई कर जानकारी देने की बात कही। इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी गंभीर आपराधिक मामले में कार्रवाई कराने के लिए अब मंत्री स्तर से फोन आने का इंतजार किया जाएगा? क्या पुलिस के पास शिकायत दर्ज होने के बाद जांच और गिरफ्तारी की अपनी कोई समयबद्ध व्यवस्था नहीं है? यदि मामला इतना गंभीर है कि व्यापारियों को मंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखनी पड़ रही है, तो कोतवाली पुलिस अब तक क्या कर रही थी? मंत्री का फोन आने के बाद दो दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया जाना भी कई सवाल छोड़ जाता है। क्या इससे पहले कार्रवाई के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किए गए थे?
मामला खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, कंपनी में लगभग छह वर्षों से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कथित तौर पर कंपनी की फर्जी सील तैयार कर चार महीने तक फर्जी नगदी रसीदों के माध्यम से सामान बाहर निकलवाया। पिकअप सहित अन्य मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम तक पहुंचाए जाने और वहां से दुकानों में सप्लाई किए जाने का आरोप है।
बताया गया कि 21 अक्टूबर को कंपनी कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक को फर्जी नगदी रसीदों के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी। इसके बाद रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई गई, जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी सामने आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। लेकिन एफआईआर दर्ज होने के लगभग एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता गया।
अब सवाल सिर्फ इस एक मामले का नहीं, बल्कि अम्बिकापुर कोतवाली के नेतृत्व और कार्यप्रणाली का भी है। आखिर इतने बड़े शहर और महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पुलिस विभाग के पास क्या मापदंड हैं? जिले में इंस्पेक्टर रैंक के अनुभवी अधिकारी उपलब्ध होने के बावजूद कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थाने की कमान सब इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह को क्यों सौंपी गई? क्या इस पद के लिए अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारियों की उपलब्धता पर विचार नहीं किया गया? पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि इतने संवेदनशील थाने के नेतृत्व के लिए अधिकारी का चयन किन आधारों पर किया गया।
अखिलेश सिंह का इससे पहले सीतापुर थाना प्रभारी के रूप में कार्यकाल भी चर्चा के दायरे में लाया जा रहा है। उस कार्यकाल को लेकर उठे सवालों और पुलिस की प्रभावशीलता पर की गई आलोचनाओं के बीच अब अम्बिकापुर कोतवाली की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी कार्यशैली का फिर मूल्यांकन होना स्वाभाविक है। हालांकि किसी अधिकारी की क्षमता का अंतिम आकलन तथ्यों, अपराध नियंत्रण के आंकड़ों और उसके कामकाज के आधार पर ही होना चाहिए, लेकिन मौजूदा प्रकरण ने उनकी कार्यप्रणाली को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
अम्बिकापुर संभागीय मुख्यालय का महत्वपूर्ण शहर है। यहां व्यापारिक गतिविधियां, आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में जब व्यापारियों को लाखों रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में न्याय के लिए मंत्री के सामने गुहार लगानी पड़े और मंत्री को खुद थाना प्रभारी से कार्रवाई की जानकारी लेनी पड़े, तो इसे सामान्य प्रशासनिक घटना कहकर टाला नहीं जा सकता। पुलिस की विश्वसनीयता केवल एफआईआर दर्ज करने से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, समयबद्ध कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी से बनती है।
अब पुलिस अधीक्षक से लेकर कोतवाली थाना प्रभारी तक से जवाब अपेक्षित है। क्या व्यापारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी? क्या कथित आर्थिक लेन-देन के आरोप की भी पड़ताल की जाएगी? 50 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? और सबसे महत्वपूर्ण सवाल, क्या कोतवाली की कमान संभाल रहे अधिकारी इस जिम्मेदारी के अनुरूप परिणाम दे पा रहे हैं?
मंत्री के फोन के बाद पुलिस ने दो दिन का समय मांगा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह दो दिन केवल एक और आश्वासन साबित होते हैं या वास्तव में पुलिस कोई ठोस कार्रवाई करके व्यापारियों का भरोसा बहाल करती है। क्योंकि कानून का इकबाल तभी कायम रहता है, जब कार्रवाई किसी मंत्री के फोन की मोहताज न हो।
