सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर मोड़ के पास रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अम्बिकापुर से सासाराम जा रही ‘शमीम बस’ का टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस के चालक और कंडक्टर समेत लगभग 16 यात्री घायल हुए हैं।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कटर के जरिए बस के हिस्से को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में बस कंडक्टर की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अम्बिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल कंडक्टर और अन्य यात्रियों का उपचार जारी है। प्रतापपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
