रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन में बड़ा विस्तार करते हुए छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख चेहरों को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ललित चंद्राकर को पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ नेता खम्हन ताम्रकार को ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है।
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा 21 नवंबर को जारी आधिकारिक सूची में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया गया है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के नेताओं के साथ छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व मिला है। जारी आदेश के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
ललित चंद्राकर की इस नियुक्ति को उनके बढ़ते राजनीतिक कद के रूप में देखा जा रहा है। 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें दुर्ग ग्रामीण सीट से मैदान में उतारा था, जहां उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता और तत्कालीन गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को शिकस्त देकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। क्षेत्र में अपनी सक्रियता के बाद अब राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में उन्हें देशव्यापी संगठन को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
