रायपुर। राजधानी पुलिस ने नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई आरोपियों में गिरोह की मुख्य सरगना कृतिका साहू समेत अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग शामिल हैं। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब ओडिशा की रहने वाली एक पीड़ित महिला किसी तरह इनके चंगुल से बचकर पुलिस के पास पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से गरीब और अवैध संबंधों के चलते गर्भवती हुई महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी महिलाएं इन असहाय गर्भवती महिलाओं को निशुल्क प्रसव और बेहतर उपचार कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाती थीं और प्रसव के बाद उनके नवजात बच्चों को अपने कब्जे में ले लेती थीं। इसी कड़ी में उन्होंने ओडिशा की एक महिला को उसके नवजात शिशु समेत बंधक बना लिया था, लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को मामले की सूचना दे दी।
पुलिस की पूछताछ और शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, हैदराबाद, अहमदाबाद समेत देश के कई अन्य राज्यों में फैला हुआ है। गिरोह के सदस्य मासूम नवजातों का सौदा 5 से 10 लाख रुपये में करते थे। पुलिस को अब तक इस गिरोह द्वारा 15 से 20 नवजात शिशुओं को बेचे जाने के पुख्ता सबूत मिले हैं। कानून से बचने और सौदे को वैध दिखाने के लिए ये आरोपी फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे को खरीदने वाले दंपत्ति का नाम दर्ज करा देते थे।
आजाद चौक थाना पुलिस ने इस गंभीर मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है। पुलिस के हाथ इस नेटवर्क से जुड़े कई दलालों के नाम लगे हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, इस गोरखधंधे में कई अस्पतालों और डॉक्टरों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी भूमिका की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
