मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी में घरेलू हिंसा का एक खौफनाक अंत सामने आया है। शराब के नशे में धुत होकर रोजाना मारपीट करने वाले पति से तंग आकर पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिवनी गांव निवासी कारजू राम पुराम शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में घर आकर अपनी पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट करता था। बीते 16 नवंबर की रात भी कारजू राम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। रोज-रोज की प्रताड़ना से आक्रोशित मालती बाई ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चेहरे, गर्दन और सीने पर गंभीर चोट लगने के कारण कारजू राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी जब्त की। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर पत्नी मालती बाई से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घरेलू विवाद और लंबे समय से चली आ रही प्रताड़ना ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर 18 नवंबर को आरोपी मालती बाई को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद दुर्ग जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
