अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने ‘कबरा कान’ हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर काबू में कर लिया है। रामगढ़ की ऐतिहासिक पार्वती गुफा के नीचे और मृगाडांड स्थित घोघरा बांध से लगभग एक किलोमीटर दूर चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विशेषज्ञों ने डार्ट गन से सटीक निशाना साधकर हाथी को बेहोश किया। अब तक 19 लोगों की जान ले चुके इस आक्रामक हाथी के पकड़े जाने से ग्रामीणों और प्रशासन ने बड़ी राहत की सांस ली है।
पिछले पांच दिनों से वन विभाग की विशेष टीमें इस हाथी की तलाश में सरगुजा के घने जंगलों की खाक छान रही थीं। हाल ही में हाथी द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों और बढ़ती जनहानि के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त था, जिसके बाद उच्च स्तर पर इसे रेस्क्यू करने का निर्णय लिया गया। आज जैसे ही हाथी की लोकेशन घोघरा बांध के पास ट्रेस हुई, बिना समय गंवाए ऑपरेशन शुरू किया गया। डार्ट लगने के बाद हाथी धीरे-धीरे बेहोश हुआ, जिसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित घेरे में ले लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घोघरा बांध के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा न हो और किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके, इसके लिए पुलिस और वन विभाग के जवान लगातार मुस्तैद रहे। कबरा कान को काबू में करने के बाद अब वन विभाग का पूरा ध्यान इलाके में मौजूद दल के अन्य हाथियों को सुरक्षित रूप से घने जंगल की ओर खदेड़ने पर केंद्रित है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो सके।
