बलरामपुर। विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में बरती जा रही लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एन.के. निरापुरे ने कड़ा रुख अपनाया है। कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले जिले के 29 कर्मचारियों की आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है। इसके साथ ही, ऑनलाइन उपस्थिति की नियमित निगरानी में विफल रहने पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की जवाबदेही तय करते हुए उनका नवंबर माह का वेतन भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दंडात्मक कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के तहत की गई है। कार्रवाई की जद में आने वाले कर्मचारियों में प्रभारी प्राचार्य, प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक, सहायक ग्रेड-3 और भृत्य संवर्ग के कर्मी शामिल हैं। विकासखंडवार आंकड़ों के मुताबिक, कुसमी और वाड्रफनगर से सबसे अधिक 6-6 कर्मचारियों पर गाज गिरी है। इसके अलावा शंकरगढ़ से 5, राजपुर से 5, बलरामपुर से 4 तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के 3 कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकी गई है।
इस सख्त कार्रवाई के संबंध में डीईओ श्री निरापुरे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय सेवा में अनुशासन, समयबद्धता और जवाबदेही सर्वोपरि है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति की अनिवार्य रूप से समीक्षा करें और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
