– डीएसपी से पदोन्नत होकर बने एडिशनल एसपी, शहर के तीनों थानों समेत कई महत्वपूर्ण थानों की मिली जिम्मेदारी
अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस विभाग को नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मिल गए हैं। डीएसपी पद से पदोन्नत होकर एडिशनल एसपी बने राजेश देवांगन ने सोमवार को सरगुजा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले की पुलिसिंग में उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजेश देवांगन को जिले के महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें शहर के तीन प्रमुख थाने कोतवाली, गांधीनगर और मणिपुर के अलावा दरिमा, लखनपुर और उदयपुर जैसे थाने भी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
राजेश देवांगन के पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस महकमे और शहर में उनके कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन्हें कर्मठ और न्यायप्रिय अधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय बाद सरगुजा को उनकी तरह के अधिकारी की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा भी लोगों के बीच हो रही है।
वहीं, सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को राजेश देवांगन ने अपने नए कार्यकाल की शुरुआत सरगुजा की आराध्य एवं सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में दर्शन-पूजन कर की। उन्होंने मां महामाया का आशीर्वाद लेकर अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की।
अब जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर नए एडिशनल एसपी की कार्यशैली पर सबकी निगाहें रहेंगी।
