रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ ने छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। तूफान के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों के 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवात के बाहरी घेरे के असर से बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के भी आसार बने हुए हैं।
अलर्ट के दायरे में मुख्य रूप से बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और राजनांदगांव जिले शामिल हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार से ही बादल डेरा जमाए हुए हैं और रुक-रुक कर बूंदाबांदी दर्ज की जा रही है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान जगदलपुर में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पेंड्रा रोड 16.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा।
