– स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग, बर्न एवं ट्रामा सेंटर में चल रही जांच, मौके पर मौजूद है डॉक्टरों की टीम
जांजगीर-चांपा। चांपा रोड स्थित श्री हॉस्पिटल बर्न एवं ट्रामा सेंटर एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की जांच के घेरे में है। अस्पताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से की गई शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोबारा छापेमार कार्रवाई की है। बीएमओ नवागढ़ पुष्पेंद्र लहरे के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल में मौजूद थी और जांच की कार्रवाई जारी थी।
गौरतलब है कि श्री हॉस्पिटल को लेकर पहले भी कई गंभीर सवाल उठ चुके हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता, उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुबंध और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। यहां तक कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा 12 डॉक्टरों के कार्यरत होने की जानकारी दिए जाने और जिला स्वास्थ्य विभाग में महज 7 डॉक्टरों के अनुबंध संबंधी दस्तावेज जमा होने की बात भी सामने आई थी। ऐसे में शेष डॉक्टरों की नियुक्ति और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
सवाल यह है कि क्या पिछली जांच में इन खामियों को नजरअंदाज किया गया था? अगर सब कुछ नियमों के मुताबिक था तो स्वास्थ्य मंत्री तक शिकायत पहुंचने और दोबारा छापेमार कार्रवाई की नौबत क्यों आई? अब देखना होगा कि इस बार स्वास्थ्य विभाग की जांच केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है या अस्पताल की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष पड़ताल कर जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई भी होती है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। कार्रवाई के निष्कर्ष और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
