रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक साथ कई ठिकानों पर हुई छापेमारी से हड़कंप मच गया है। राजधानी रायपुर और दुर्ग में केंद्रीय जांच एजेंसी ने अलसुबह दबिश देकर सघन पड़ताल शुरू कर दी। जांच एजेंसी की मुख्य टीम रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में बने आलीशान बंगले ‘सुशील विला’ पहुंची, जहां सुबह से ही वित्तीय लेनदेन और कॉर्पोरेट दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला जा रहा है। कार्रवाई के दौरान किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए बंगले के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा लगा दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान ईडी के अधिकारी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और विभिन्न बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की पड़ताल में जुटे हैं। आधिकारिक कॉर्पोरेट रिकॉर्ड्स के मुताबिक, पंडरी के इसी ‘सुशील विला’ के पते पर ‘लता ग्रीनफील्ड्स एलएलपी’ और ‘लता एग्रीफील्ड एंड प्रोड्यूसेस एलएलपी’ नामक व्यावसायिक फर्में रजिस्टर्ड हैं। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में भी एजेंसी की अलग-अलग टीमें कुछ संदिग्ध ठिकानों पर समानांतर जांच चला रही हैं।
हालांकि, यह पूरी कार्रवाई किस विशेष वित्तीय अनियमितता या मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है, इसे लेकर जांच एजेंसी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच के घेरे में कौन-कौन से कारोबारी या रसूखदार चेहरे शामिल हैं और घंटों चली इस छापेमारी में अब तक क्या बरामद हुआ है, इस पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी साझा किए जाने का इंतजार किया जा रहा है।
