सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कानून को हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने चोरी के शक में दो युवकों को अमानवीय सजा दे डाली। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमगांव में खेत से पानी का पंप चोरी करने के आरोप में पकड़े गए दो युवकों के गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। इस दौरान भीड़ ने न सिर्फ उनके साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि जमकर मारपीट भी की।
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी पास के ग्राम पंचायत कोट के निवासी बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों ने आमगांव से पानी का पंप चुराया और उसे महज 1,000 रुपये की औने-पौने दाम में बेच दिया था। जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने दोनों को धर दबोचा और पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद ही ‘तालिबानी इंसाफ’ करने पर उतारू हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाती इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में यह चर्चा और आक्रोश का विषय बना हुआ है।
