– तालाब में गंदगी और प्रदूषण पर भड़के नगरवासी, विधायक व्यास कश्यप ने भाजपा के सेवा संकल्प पखवाड़े पर उठाए सवाल
जांजगीर-चांपा। शहर के ऐतिहासिक भीमा तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को नगरवासियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। तालाब की सफाई, गंदगी और प्रदूषण से परेशान लोगों ने बड़ी संख्या में एकजुट होकर भीमा तालाब बचाओ आंदोलन के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी चौक से रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और घेराव कर जिला प्रशासन के सामने तालाब की बदहाली का मुद्दा उठाया। विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान नगरवासियों ने तालाब की तत्काल सफाई और समुचित देखरेख की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेड्स भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भीमा तालाब की सफाई कराने, प्रदूषण पर रोक लगाने और इसके संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ऐतिहासिक तालाब की बदहाली पर सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन?
जांजगीर शहर का भीमा तालाब केवल पानी का एक स्रोत नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में तालाब में गंदगी और प्रदूषण की समस्या को लेकर लोगों का सड़क पर उतरना नगर की सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।
सवाल यह है कि जब शहर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक तालाब की बदहाली लोगों को नजर आ रही है, तो जिम्मेदार विभागों की नजर इस ओर क्यों नहीं पड़ी? क्या तालाब की नियमित सफाई और देखरेख के लिए कोई प्रभावी कार्ययोजना है? यदि है, तो फिर नगरवासियों को आंदोलन करने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
नगरवासियों की मांग साफ है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तालाब की सफाई और संरक्षण के लिए जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।
सेवा संकल्प पखवाड़े पर विधायक का तंज- पहले भीमा तालाब साफ करें भाजपाई प्रदर्शन के दौरान विधायक व्यास कश्यप ने भाजपा के सेवा संकल्प पखवाड़े को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे दिखावा बताते हुए कहा कि सेवा की बात करने वालों को पहले शहर की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं से भीमा तालाब की सफाई को प्राथमिकता देने की बात कही।
विधायक के बयान ने सेवा संकल्प पखवाड़े की गतिविधियों और शहर की जमीनी समस्याओं के बीच अंतर को लेकर राजनीतिक बहस छेड़ दी है
