धमतरी। प्रेम, विश्वास और फिर शादी के वादे से मुकरने के बाद उपजे विवाद ने कवर्धा की एक 22 वर्षीय युवती को खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। रुद्री रोड स्थित ‘होटल सीजी-05’ के कमरा नंबर 106 में कबीरधाम जिले की रहने वाली पिंकी मानिकपुरी का शव फंदे से लटकता मिला था। इस सनसनीखेज मामले में धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के कथित प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच और दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मृतका पिंकी मानिकपुरी और गोकुलपुर (धमतरी) निवासी टिकेश्वर साहू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। टिकेश्वर ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया था, लेकिन इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि आरोपी के अन्य युवतियों से भी संबंध हैं। इस सच्चाई की पुष्टि करने और विवाह को लेकर अंतिम बात करने के मकसद से पिंकी 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी पहुंची और होटल में कमरा लिया।
अगले दिन, यानी 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल के कमरे में पहुंचा। वहां शादी की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि टिकेश्वर ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और युवती के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। पूर्व में भी मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना झेल चुकी युवती इस धोखे और विवाद के बाद गहरे अवसाद में आ गई और उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच में शादी का झांसा देकर शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने टिकेश्वर साहू (पिता रविराम साहू) को हिरासत में ले लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डीसी पटेल ने पुष्टि की है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में डिजिटल और फॉरेंसिक पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
