नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ कैडर के वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे संतोष सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर तैनात करते हुए दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की समग्र सुरक्षा की कमान दी गई है। उनके सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक कौशल को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो 271 स्टेशनों के विस्तृत नेटवर्क के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को जोड़ती है। हाल ही में 17 सितंबर को एक ही दिन में 82.45 लाख से अधिक यात्रियों के आवागमन का नया कीर्तिमान स्थापित करने वाली इस विशाल रैपिड ट्रांजिट प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण मानी जाती है।
सुलझी हुई कार्यशैली, संवेदनशील पुलिसिंग और नवाचारी सामुदायिक पहलों के लिए पहचाने जाने वाले आईपीएस संतोष सिंह का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है। वे छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और राजनांदगांव सहित नौ जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP/SSP) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे नक्सल प्रभावित सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी भी रहे हैं। दिल्ली मेट्रो में इस नई जिम्मेदारी से पूर्व वे हैदराबाद में सीआईएसएफ के साउथ जोन-2 डीआईजी के पद पर कार्यरत थे, जहां उनके पास आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी कर्नाटक के रणनीतिक प्रतिष्ठानों और पूर्वी तटीय बंदरगाहों की सुरक्षा का प्रभार था।
