सूरजपुर। ऑनलाइन सामान की डिलीवरी के दौरान युवती से जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने और दुष्कर्म करने के मामले में रामानुजनगर थाना पुलिस ने आरोपी डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी युवक डिलीवरी बॉय का काम करता है। पार्सल पहुंचाने के दौरान ही रामानुजनगर क्षेत्र की एक 24 वर्षीय युवती से उसका संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और संबंध तोड़ लिए। इसके बाद पीड़िता ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
