अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए आज का दिन एक बड़ी राहत लेकर आया। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के दूसरे साप्ताहिक फेरे की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में स्थानीय सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया।
इस नई व्यवस्था के तहत अब अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए यह सीधी ट्रेन सप्ताह में दो दिन प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। उल्लेखनीय है कि इस अतिरिक्त फेरे की मंजूरी के लिए सांसद चिंतामणि महाराज ने हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर सरगुजा की कनेक्टिविटी का विषय प्रमुखता से उठाया था।
ट्रेन को रवाना करने के पश्चात सांसद ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। यह विस्तार सरगुजा अंचल में रेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।
सीधी रेल सेवा के दो दिन उपलब्ध होने से राजधानी दिल्ली के अलावा मार्ग में पड़ने वाले देश के अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन के विकल्प बढ़ गए हैं। इस सेवा विस्तार का सीधा लाभ उच्च शिक्षा के लिए महानगर जाने वाले विद्यार्थियों, इलाज के लिए सफर करने वाले मरीजों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा वर्ग को मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात पर हर्ष जताते हुए इसे सरगुजा के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है।
