राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में सीमा पार से हो रही अवैध शराब तस्करी पर डोंगरगढ़ में आबकारी विभाग ने कड़ा प्रहार किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने देर रात झिंझारी-मडियान मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां बरामद कीं।
विभाग को इनपुट मिला था कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप एक वाहन के जरिए इलाके से निकाली जा रही है। आबकारी प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए बताए गए रूट पर नाकेबंदी की। जैसे ही संदिग्ध रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो मौके पर पहुंची, टीम को सामने देख उसमें सवार शराब तस्कर वाहन को सड़क पर ही लावारिस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 45 पेटियों में भरी भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने शराब की पूरी खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को आबकारी अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान के लिए गाड़ी के चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पड़ताल की जा रही है, साथ ही इलाके के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
