राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार तड़के करीब 4 बजे डोंगरगढ़-मुरमुंदा मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वे जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस पूरे हादसे में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर न तो कोई हताहत मिला और न ही दोनों वाहनों के चालक या सवारों का कोई सुराग लग सका।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से धू-धू कर जल रहे वाहनों की आग बुझाई। आग शांत होने के बाद सड़क पर सिर्फ कार का जला हुआ ढांचा और स्कूटी के क्षतिग्रस्त अवशेष मिले। हादसे के बाद से ही दोनों वाहनों में मौजूद लोग लापता हैं, जिससे घटना को लेकर रहस्य गहरा गया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक MH35KR5879) महाराष्ट्र के गोंदिया की बताई जा रही है। कार सवार मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद डोंगरगढ़ से वापस गोंदिया लौट रहे थे। वाहन में कितने लोग सवार थे और हादसे के तुरंत बाद वे कहाँ गए, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस वाहन पंजीकरण संख्या के आधार पर मालिकों की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।
