अम्बिकापुर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी स्टेडियम में संभाग स्तरीय नॉकआउट-कम-लीग फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए उद्घाटन मुकाबले में ट्राइबल टाइगर बी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए डॉन बॉस्को क्लब कुनकुरी को 4-0 के बड़े अंतर से मात दी। मैच के पहले हाफ में ट्राइबल टाइगर बी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 2-0 की बढ़त बना ली थी, जिसे दूसरे हाफ में दो और गोल दागकर टीम ने 4-0 की एकतरफा जीत में बदल दिया।
एक महीने तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में सरगुजा संभाग के सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया और अंबिकापुर (सरगुजा) जिलों की कुल 42 टीमें खिताबी भिड़ंत के लिए मैदान में उतर रही हैं।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और भाजपा सरगुजा अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लुंडरा विधायक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रबोध मिंज ने की। इस अवसर पर समिति के सचिव दीपक कुजूर, उपाध्यक्ष अंबिकेश्वरी, विवेक सिंह, आकाश गुप्ता, स्वरूप कांत थामस, जगदीश दुबे, जशटीन बरवा, सह-सचिव दिनेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष प्रेमानंद तिग्गा, ललन प्रताप सिंह, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, शैलेश सिंह, निश्चल सिंह, रविकांत, जन्मजय मिश्रा, टिन्नी सिंह, अशोक सम्राट सहित कार्यकारिणी सदस्य कमलेश किस्पोट्टा, अखिलानंद, विनोद पैकरा, मंगल, अमित, प्रकाश, नीलभूषण और अनप्रास मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन शनिवार, 3 अक्टूबर को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच एफसी कांतिप्रकाशपुर बनाम एफसी धरमपुर के बीच होगा, जबकि दूसरे मैच में जमदरा लखनपुर की भिड़ंत न्यू एकेडमी सोहगा से होगी।
