अम्बिकापुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर की बालिकाओं ने क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजनांदगांव में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 में सरगुजा संभाग की बालिका क्रिकेट टीम ने सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को मात देकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस चैंपियन टीम में विद्यालय की चार होनहार छात्राएं कु. दृष्टि सिंह, कु. आरती सिंह, कु. पूर्णिमा केरकेट्टा और कु. अनन्या यादव शामिल रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय, अम्बिकापुर शहर तथा पूरे सरगुजा संभाग का नाम गौरवान्वित किया है।
यह ऐतिहासिक सफलता विद्यालय में बालिका क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026–27 में शुरू की गई एक अनूठी पहल का सुखद परिणाम है। संस्था के व्यायाम शिक्षक एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह के प्रयासों से शुरू हुए इस विशेष प्रशिक्षण में विद्यालय की लगभग 28 छात्राओं ने नियमित अभ्यास करना प्रारंभ किया था। महज कुछ ही समय के कठोर अभ्यास और समर्पण के दम पर इन छात्राओं ने राज्य स्तर पर खिताबी जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
इस प्रशिक्षण पहल की सफलता में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन के साथ-साथ सरगुजा जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष एवं पार्षद शैलेश कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा। साथ ही बालिकाओं के खेल कौशल को पेशेवर रूप से तराशने में अम्बिकापुर के क्रिकेट कोच शौभिक दासगुप्ता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बालिकाओं की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या अपर्णा दुबे एवं समस्त शिक्षक वर्ग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि यह जीत अन्य बालिकाओं को भी खेलों में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। ‘बालिका शिक्षा के साथ बालिका खेल’ की दिशा में उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से सरगुजा अंचल की बेटियों के लिए नए खेल क्षितिजों का द्वार खोल रहा है।
