अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के कंठी-जगदीशपुर मार्ग पर गणेश विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में संलिप्त 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान वाहन को साइड देने को लेकर हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद युवकों ने तैश में आकर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनके निजी वाहन पर हमला कर बुरी तरह तोड़फोड़ कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे, हालांकि इस बिंदु पर अभी पुलिस के आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है।
फिलहाल पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियों, मारपीट की वास्तविक वजह और पकड़े गए आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका की पड़ताल कर रही है।
