दंतेवाड़ा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व से ठीक पहले शक्तिपीठ मां दंतेश्वरी मंदिर में आस्था का बड़ा खजाना सामने आया है। करीब 7 महीने 24 दिन बाद मंगलवार को प्रशासनिक देखरेख में मंदिर की कुल 11 दानपेटियां खोली गईं, जिनकी गिनती में 21 लाख 62 हजार 331 रुपये की नकद राशि प्राप्त हुई है। नकदी के साथ-साथ श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए सोने-चांदी के आभूषण और मां के नाम लिखी गईं ढेरों मन्नत की चिट्ठियां भी पेटियों से निकली हैं। दान में मिले सभी जेवरातों और मूल्यवान सामग्रियों को मंदिर समिति द्वारा पूरी सुरक्षा के साथ सुरक्षित रखवा दिया गया है।
दानपेटियों से निकले पत्रों में भक्तों ने सरकारी नौकरी, संतान सुख और परिवार की खुशहाली जैसी कई मनोकामनाएं मां के चरणों में समर्पित की हैं। गिनती और छंटनी के दौरान इन सभी पत्रों को श्रद्धालुओं की निजता का पूरा सम्मान करते हुए सुरक्षित अलग किया गया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, साल में दो बार दानपेटियां खोली जाती हैं। इससे पहले 28 जनवरी को हुई गिनती में 19 लाख 44 हजार 448 रुपये मिले थे। इस प्रकार इस बार के चढ़ावे में 2 लाख 17 हजार 883 रुपये की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शारदीय व चैत्र नवरात्रि, नववर्ष और प्रसिद्ध फागुन मेले जैसे बड़े मौकों पर उमड़ने वाले श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार नकद राशि से लेकर बहुमूल्य आभूषण तक अर्पित करते हैं।
इस बीच, आगामी शारदीय नवरात्र को लेकर मां दंतेश्वरी धाम में भव्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश-विदेश से जुटने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। दर्शनार्थियों की सुगम कतार, पेयजल, छाया और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय से सभी प्रबंधों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
