जांजगीर-चांपा. नगर पंचायत नरियरा में पदस्थ उप-अभियंता के०एन० उपाध्याय ने युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं पार्षद आकाश सिंह और उनके सहयोगियों पर कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार तथा मारपीट के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर पीड़ित अधिकारी ने सुरक्षा की मांग करते हुए उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी है।
कार्यालय में घुसकर काम रोकने की धमकी
शिकायत पत्र के अनुसार, घटना 16 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। उप-अभियंता के०एन० उपाध्याय अपने कक्ष में निकाय के प्रभारी लेखापाल के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान समारोह’ को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान पार्षद आकाश सिंह अपने साथी पार्षदों के साथ उनके कक्ष में पहुंचे। आरोप है कि पार्षद ने मुक्तिधाम का काम रुकवाने और कार्यालय के सामने की सड़क का निर्माण अपने हिसाब से कराने का दबाव बनाया।
आधे घंटे तक हंगामा और धमकियां
उप-अभियंता का आरोप है कि मना करने पर पार्षद और उनके साथी आक्रामक हो गए। उन्होंने लगभग आधे घंटे तक टेबल पर रखे दस्तावेजों को पटका, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कुर्सी सहित धक्का देकर मारपीट करने की कोशिश की।
सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
इस घटना से भयभीत उप-अभियंता ने बताया कि माहौल के कारण शासकीय कार्य संपादित करना कठिन हो गया है। उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर (जांजगीर-चांपा) और संयुक्त संचालक (नगरीय प्रशासन एवं विकास, बिलासपुर) को आवेदन प्रेषित किया है।
