अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज चाकूबाजी मामले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बशीरुद्दीन उर्फ लज्जु (70 वर्ष) के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, चाकू किडनी में लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें मृतक का दामाद भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दामाद ने सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या कराई थी। सुपारी किलर झारखंड के पांकी से हत्या करने अम्बिकापुर पहुंचे थे।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक झा, एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल और सीएसपी राहुल बंसल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। आईजी दीपक झा ने फरार दो और आरोपी की तलाश के लिए पूरे संभाग में सख्त नाकाबंदी के आदेश दिए हैं और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
