सीतापुर/अनिल उपाध्याय। सुनसान जंगल मे देर शाम गाय काट रहे ग्रामीणों को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीन आरोपी मौके से फरार हो गये।गिरफ्तार आरोपियों के पास से गौ मांस एवं टांगी पुलिस ने बरामद किया है।इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार शाम 8 बजे के आसपास ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल मे पांच लोग मिलकर गाय काट रहे थे।इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जंगल मे लोग गाय काट रहे हैं।मुखबिर की सूचना के बाद जंगल पहुँची पुलिस ने घेराबंदी करते हुये मौके पर दबिश दी।पुलिस को देखते ही गाय काट रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे।जिन्हें पुलिस ने दौड़ाया और दो ग्रामीण अजय कुमार कुजूर आ बंदुराम 45 वर्ष निवासी ग्राम रजौटी बरपारा एवं रंजीत कुजूर आ छोटेलाल कुजूर 27 वर्ष निवासी ग्राम रजौटी बरपारा को गिरफ्तार कर लिया।जबकि विवेक खलखो निवासी ग्राम गुरगुमा समेत तीन लोग भागने में सफल रहे।गिरफ्तार दोनों के पास से पुलिस ने दो नग टांगी एवं दो- दो किलो गाय का मांस बरामद हुआ।जबकि मौके पर कटे हुए गाय के अवशेष पड़े हुए थे जिन्हें सबूत के तौर पर पुलिस ने जब्त कर लिया।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि गौ हत्या के बाद पहले आपस में मांस का बंटवारा करते जो बचता उसे बेच देते।इस मामले में पुलिस ने धारा 325,3(5) एवं छग कृषक पशु परि.अधि.2004 की धारा 4,5,10 के तहत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल उपनिरीक्षक रघुनाथ राम भगत प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत,आरक्षक अतुल शर्मा राकेश यादव मनोहर पैंकरा शामिल थे।
नगर पंचायत की नीलामी में 5 सौ रुपये देकर आरोपी ने खरीदी थी गाय
ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल मे जिस गाय को बेरहमी से काटा गया वो गाय नीलामी के दौरान मात्र पांच सौ रुपये में खरीदी गई थी।ग्राम गुरगुमा निवासी विवेक खलखो ने विगत दिनों नगर पंचायत द्वारा की गई नीलामी में उस गाय को खरीदकर ले गया था।गौरतलब है कि सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजीहाउस में रखने के बाद नगर पंचायत ने उसकी नीलामी कराई थी।इस नीलामी के दौरान नगर पंचायत ने प्रति मवेशी मात्र पांच सौ रुपये नीलामी दर रखा था।इतने कम दामों में हष्ट पुष्ट मवेशी मिलता देख नगर समेत क्षेत्र के लोग टूट पड़े और पांच सौ रुपये देकर मनचाहा मवेशी खरीद ले गये।मवेशी खरीदने की होड़ में दूर दराज क्षेत्र के लोगों की भीड़ देख नगरवासियों ने गाय काटकर खाने एवं उसका मांस बेचने की आशंका जताई थी।आखिरकार लोगों की शंका सही साबित हुई और नीलामी में खरीदी गई गाय काटकर खाने एवं उसका मांस बेचने का मामला सामने आ गया।चूंकि यह लोगों की नजरों में आ गया इसलिए आरोपी पकड़ में आ गये।इसके अलावा ऐसे कई मवेशी होंगे जिसे नीलामी में खरीदने के बाद लोग या तो महंगे दामों पर मवेशी तस्करों के हवाले कर दिए होंगे या फिर काटकर खा गये होंगे।नगरवासियों ने नगर पंचायत के इस कदम को नासमझी भरा बताते हुए कांजीहाउस में बंद अन्य मवेशियों की नीलामी पर रोक लगाने की मांग की है।
