सीतापुर/अनिल उपाध्याय। काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक के साथ हुई एक करोड़ के ज्वेलर्स की उठाईगिरी मामले में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पीड़ित पक्ष ने सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुशील सिंह मंडावी के नेतृत्व में आईजी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में उन्होंने फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी एवं सोने चांदी के बाकी गहनों को दिलाने की मांग की है।
विदित हो कि विगत 26 जुलाई को काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी के साथ एक करोड़ के ज्वेलरी की उठाईगिरी हो गई थी।पहले से घात लगाए बैठे उठाईगीरों ने अरुण सोनी के स्कूटी में टँगा हुआ ज्वेलरी से भरा बैग ले भागे थे।इस घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया था और व्यापारी संघ एवं सर्राफा व्यापारी संघ ने मिलकर नगरबंद चक्काजाम धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।इस घटना के बाद नगर में कानून व्यवस्था को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव काफी बढ़ गया था।
अपराधियों को गिरफ्तार करने पुलिस काफी हाथ पैर मार रही थी लेकिन कामयाबी उनके हाथ नही लग रही थी।इसी बीच नगर के सर्व समाज ने भी नगरबंद एवं चक्काजाम को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस की नींद उड़ा दी थी।आखिरकार सर्व समाज की चेतावनी के दो दिन बाद उड़ीसा और छतीसगढ़ पुलिस के हत्थे एक अपराधी चढ़ गया।उड़ीसा से आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सीतापुर पुलिस उसके पास से बरामद ज्वेलरी के साथ आरोपी को लेकर थाने पहुँची।थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस घटना में दो अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकारी।जिसके बाद पुलिस ने उठाईगिरी मामले में गिरफ्तार आरोपी युवक को जेल भेज दिया।इस बात को गुजरे 15 दिन से ज्यादा हो गए लेकिन पुलिस फरार चल रहे दोनों आरोपियों को आज तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
इस संबंध में पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब वे थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल से मिले और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में पूछा तो उनका जवाब संतोषजनक नहीं था।थाना प्रभारी का जवाब सुन तो यही लगा कि स्थानीय पुलिस की इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं है।इसके अलावा जेवर के वजन में भी काफी भिन्नता है जो कई प्रकार के संदेहों को जन्म दे रहा है।उन्होंने कहा कि अब न्याय पाने के लिए सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना ही एक रास्ता बच गया है।स्थानीय पुलिस के रवैये से निराश होकर पीड़ित पक्ष सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुशील सिंह मंडावी के नेतृत्व में आईजी सरगुजा से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने सौंपे गए ज्ञापन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं सोने चांदी के बचे ज्वेलरी बरामद करने की मांग की है।ऐसा नहीं होने पर एक बार फिर से आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान अजय अग्रवाल ब्रह्मदेव सोनी नीरज सोनी अरुण सोनी एवं अन्य मौजूद थे।
