सीतापुर/अनिल उपाध्याय। नगर के वार्ड क्र-10 में मौजूद अटल परिसर समेत होलिका दहन मैदान में कचरा डंप करने से वार्ड का माहौल काफी दूषित हो गया है।इस संबंध में वार्ड पार्षद नीरू मिस्त्री ने नगर पंचायत में ज्ञापन सौंप नाराजगी जताई है।उन्होंने कचरा एवं गंदगी की वजह से वार्डवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुये वार्ड में कचरा डंप करने पर रोक लगाने की मांग की है।ताकि वार्ड का माहौल दूषित होने से बचाया जा सके।
विदित हो कि नगर पंचायत के महामाया वार्ड क्र-10 में मौजूद अटल परिसर छठ घाट एवं होलिका दहन मैदान में पूरे नगर का कचरा लाकर डंप किया जा रहा है।जिसकी वजह से अटल परिसर छठ घाट एवं होलिका दहन मैदान कचरा डंपिंग ग्राउंड बन गया है और वहाँ कचरे का अंबार लग गया है।इस संबंध में वार्ड पार्षद नीरू मिस्त्री ने पूर्व में अटल परिसर समेत छठ घाट एवं होलिका दहन मैदान में कचरा डंप करने पर आपत्ति जताई थी।उन्होंने कचरे की वजह से वार्ड में होने वाले प्रदूषण एवं गंदगी का हवाला देते हुए चिन्हांकित जगहों पर कचरा डंप करने पर रोक लगाने की मांग की थी ताकि वार्ड का माहौल दूषित होने से बचाया जा सके।लेकिन नगर पंचायत ने जगह का अभाव बताते हुए उन जगहों पर कचरा डंप करना जारी रखा।
सालों से कचरा डंप होने वजह से अटल परिसर छठ घाट समेत होलिका दहन मैदान में कचरे का अंबार लग गया।जिसकी वजह से वार्ड का माहौल काफी दूषित हो चला है और वार्डवासियों का जीना दूभर कर दिया है।पूर्व में मना करने के बाद भी वार्ड में कचरा डंप जारी रखना एवं कचरे की वजह से वार्ड के लोगों को हो रही परेशानियों को देखते वार्ड पार्षद ने नाराजगी जताते हुए इस पर रोक लगाने हेतु सीएमओ को ज्ञापन सौंपा।उन्होंने ज्ञापन में अटल परिसर होलिका दहन मैदान समेत छठ घाट में होने वाले धार्मिक आयोजन का हवाला देते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
पार्षद ने कहा कि जिस जगह नगर पंचायत द्वारा कचरा डंप किया जा रहा है वहाँ से लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है।उस जगह पर कचरा डंप करने से उनकी भावनाएं आहत हो रही है और अब वो खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।जिसे देखते हुए अब वहाँ कचरा डंप करने के बजाए एक उचित एवं सुरक्षित जगह निर्धारित की जाये जहां बिना किसी व्यवधान के कचरा डंप किया जा सके।इसके साथ ही अटल परिसर समेत जिन जगहों पर कचरा डंप किया गया है वहाँ से तत्काल कचरा हटाकर उस जगह को स्वच्छ एवं साफ सुथरा किया जाये।इसके अलावा भविष्य में वार्ड क्र-10 में स्थित अटल परिसर छठ घाट एवं होलिका दहन मैदान में कचरा डंप न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये।मेरे द्वारा ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराने के बाद भी अगर इन जगहों पर कचरा डंप किया गया तो मजबूरन मुझे नगर पंचायत के विरुद्ध आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत सीएमओ की होगी।
इस संबंध में सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि सालों से यहाँ कचरा डंप होता रहा है।चूंकि नगर पंचायत क्षेत्र में ऐसी कोई जगह नही है जहां कचरा डंप किया जा सके।जो है वो भी शहर से काफी दूर है।फिर भी कोशिश करते हैं कोई न कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का जहाँ कचरा डंप किया जा सके।
