जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और अकलतरा-बलौदा नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। विधानसभा के बजट सत्र में इस गंभीर मुद्दे को उठाए जाने के बाद मंत्री द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पालिका में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों, यातायात के दबाव वाले मार्गों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू करने के साथ-साथ यातायात और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार, यातायात नियंत्रण तथा आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
विधानसभा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त पहल से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। जनप्रतिनिधि ने कहा कि तत्कालिक व्यवस्थाओं के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इन प्रयासों के बेहतर परिणाम धरातल पर दिखाई देने की उम्मीद है।
