रायपुर। छत्तीसगढ़ की पावन धरा और इसकी समृद्ध लोक-संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से रायपुर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य मुलाकात की। इस गरिमामय भेंट के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को रायपुर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नुआखाई पर्व में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का भावभीना निमंत्रण सौंपा। मुलाकात के दौरान विधायक ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ की बहुरंगी लोक-परंपराओं, सामाजिक सौहार्द और भगवान जगन्नाथ से जुड़े इस पावन पर्व की सांस्कृतिक महत्ता से विस्तार से अवगत कराया।
कृषि और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने वाला नुआखाई महज एक त्योहार नहीं, बल्कि नई फसल के आगमन पर पारिवारिक एकजुटता और आपसी सद्भाव का अनुपम प्रतीक है। प्रभु जगन्नाथ की पावन परंपरा से रचे-बसे इस पर्व का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में गहरा आध्यात्मिक महत्व है। विधायक मिश्रा ने राष्ट्रपति से चर्चा करते हुए रेखांकित किया कि रायपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाला यह वार्षिक उत्सव श्रद्धा, परंपरा और मिट्टी से जुड़ाव का एक सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।
महामहिम राष्ट्रपति को इस भव्य आयोजन का निमंत्रण देने को विधायक पुरंदर मिश्रा ने संपूर्ण प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति मुर्मू का आतिथ्य और सान्निध्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को एक नया आयाम देगा। इससे न केवल प्रदेश की लोक-संस्कृति का मान बढ़ेगा, बल्कि भगवान जगन्नाथ की भक्ति परंपरा का संदेश देश के कोने-कोने तक और अधिक मजबूती से पहुँचेगा।
इसे भी पढ़ें –
बस्तर में गूंजेगा ‘वंदे मातरम’, 17 अगस्त तक देशभक्ति के रंग में रंगेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
छत्तीसगढ़: 12 सितंबर को सजेगी नेशनल लोक अदालत, एक ही छत के नीचे सुलझेंगे वर्षों पुराने विवाद
छत्तीसगढ़: सड़कों पर फिर लौटी ‘मवेशी समस्या’, निगम की सुस्ती से हादसों का डर
